Live

BIHAR NEWS

राजगीर जू एवं नेचर सफारी को मिलेगा प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड, इको टूरिज्म और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में बिहार को मिली राष्ट्रीय पहचान

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार में पर्यटन विकास और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिलने जा रही है. राजगीर जू एवं नेचर सफारी को सतत इको टूरिज्म और शासन में नवाचार के लिए प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान 19 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा. पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की इस परियोजना को मिली उपलब्धि से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है.

राज्य सरकार ने राजगीर जू एवं नेचर सफारी को केवल मनोरंजन का केंद्र बनाने के बजाय इसे वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण शिक्षा से जोड़ने की पहल की है. लगभग 191.12 हेक्टेयर में फैली राजगीर जू सफारी बिहार की पहली जू सफारी है. इसका उद्घाटन 16 फरवरी 2022 को हुआ था. यहां शेर, बाघ, भालू, तेंदुआ और शाकाहारी वन्यजीवों के लिए अलग-अलग सफारी जोन बनाए गए हैं. इसके अलावा एक्सोटिक एवियरी, वन्यजीव व्याख्या केंद्र, 180 डिग्री थिएटर और ओपन थिएटर भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है.

वहीं, लगभग 550 हेक्टेयर में विस्तारित राजगीर नेचर सफारी में रोमांच और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है. यहां ग्लास स्काईवॉक ब्रिज, सस्पेंशन ब्रिज, जिपलाइन, स्काई बाइकिंग, बटरफ्लाई पार्क, औषधीय उद्यान और कैक्टस गार्डन जैसी सुविधाएं विकसित की गई है.

तकनीक से मजबूत हुई व्यवस्था

पर्यटकों की सुविधा और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग, स्लॉट प्रबंधन, सफारी वाहनों की रियल टाइम जीपीएस ट्रैकिंग, केंद्रीय नियंत्रण कक्ष और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था है.

बढ़ रही पर्यटकों की संख्या

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, बिहार के इको टूरिज्म स्थलों पर पर्यटकों की संख्या 2022-23 में 55.20 लाख थी, जो 2024-25 में बढ़कर 74.90 लाख हो गई. वहीं, राजगीर नेचर सफारी में पर्यटकों की संख्या करीब 1.59 लाख से बढ़कर तीन लाख तक पहुंच गई. स्कॉच अवार्ड से इस क्षेत्र में बिहार के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें