BIHAR NEWS : "शिक्षा मंत्री के गृह जिले में स्कूल में दबंगई! छात्र की पिटाई, दो कमरों पर ताला, वीडियो वायरल"
गोपालगंज:बिहार के गोपालगंज में सरकारी स्कूल के अंदर दबंगई का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शिक्षा मंत्री के गृह जिले के थावे प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्यारेपुर में कथित भूमिदाता पर विद्यालय परिसर में घुसकर एक छात्र की पिटाई करने का आरोप लगा है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इतना ही नहीं,स्कूल के दो कमरों में ताला लगाए जाने का भी आरोप है,जिससे स्कूल का संचालन प्रभावित हुआ है. मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
मामला थावे प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्यारेपुर का है. जानकारी के अनुसार,कथित भूमिदाता विद्यालय परिसर में पहुंचा और किसी विवाद को लेकर एक छात्र के साथ मारपीट कर दी. इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया,जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है तथा स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.
आरोप यह भी है कि घटना के बाद विद्यालय के दो कमरों में ताला लगा दिया गया,जिससे पठन-पाठन बाधित हुआ. सूचना मिलने पर विद्यालय प्रशासन ने तत्काल डायल-112पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और पुलिस के साथ-साथ शिक्षा विभाग भी अपने स्तर से तथ्य जुटाने में लगा है.
इस मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में आ चुकी है. उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापक को कथित आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है. डीईओ ने बताया कि प्रधानाध्यापक ने डायल-112पुलिस को सूचना दी थी,जिसके बाद पुलिस विद्यालय पहुंची थी. वहीं विद्यालय के दो कमरों में ताला लगाए जाने की घटना की जांच के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि जांच प्रतिवेदन शीघ्र प्राप्त होने की उम्मीद है और रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सरकारी विद्यालय में छात्र की कथित पिटाई और विद्यालय के कमरों में ताला लगाए जाने की घटना ने शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों की सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल शिक्षा विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर साफ होगी और दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--