BIHAR POLITICS
बिहार NDA में सियासी हलचल तेज, निर्दलीय मोर्चे के बीजेपी के साथ आने से बढ़ी चर्चाएं, नीतीश से मिले संजय झा और उमेश कुशवाहा
पटना : बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है. दो निर्दलीय मोर्चे के बीजेपी के साथ हाथ मिलाने की खबरों के बीच एनडीए के भीतर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई है. इसी घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने मुलाकात की. इस मुलाकात को बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
नीतीश कुमार के आवास पर हुई इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. हालांकि, मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
वहीं, दूसरी ओर सोमवार को जेडीयू के दो नेताओं अभिषेक झा और आनंद पुष्कर की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस अचानक स्थगित कर दी गई. दोनों नेताओं की ओर से प्रेस वार्ता बुलाई गई थी, लेकिन ऐन मौके पर इसे टाल दिया गया. इस घटनाक्रम ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है.
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय झा के बीच बातचीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित करने का फैसला लिया गया. हालांकि, प्रेस वार्ता स्थगित करने के पीछे की पूरी वजह को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
एक तरफ नीतीश कुमार से जेडीयू के शीर्ष नेताओं की मुलाकात और दूसरी तरफ पार्टी के दो नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस का स्थगित होना, इन दोनों घटनाओं को बिहार के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है.
फिलहाल सबकी निगाहें जेडीयू और बीजेपी के अगले राजनीतिक कदम पर टिकी है. आने वाले दिनों में इन घटनाक्रमों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।