Live

BIHAR MLC Election

बिहार विधान परिषद चुनाव में BJP ने 4 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए, नवल किशोर यादव समेत चार नामों पर लगाया दांव

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना:बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने कोटे की चार सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने चार नामों पर मुहर लगाई है.

भाजपा ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधान पार्षद नवल किशोर यादव को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है. वहीं,कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एनके यादव को दोबारा मौका दिया गया है.

इसके अलावा दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है. घोषित चार उम्मीदवारों में नवल किशोर यादव और डॉ. एनके यादव पहले से विधान परिषद के सदस्य हैं.

सर्वेश कुमार वर्तमान में दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय विधान पार्षद हैं. वहीं,नरेंद्र प्रसाद सिंह तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पहले भी विधान परिषद के लिए निर्वाचित हो चुके हैं.

बिहार विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों पर चुनाव होना है. इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा,जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है.

भाजपा ने अपने हिस्से की चार सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर चुनावी तैयारी को आगे बढ़ा दिया है. अब इन निर्वाचन क्षेत्रों में विभिन्न दलों और उम्मीदवारों के बीच मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें