BIHAR MLC ELECTION 2026
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर 150 उम्मीदवार मैदान में, 12 नामांकन रद्द, पटना और सारण शिक्षक सीटों पर NDA की एकजुटता की परीक्षा
पटना:बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव की तस्वीर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद साफ हो गई है। कुल 164 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान 12 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए,जबकि अंतिम दिन दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया। अब कुल 150 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं।
इनमें स्नातक कोटे की चार सीटों पर 90 और शिक्षक कोटे की चार सीटों पर 60 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। स्नातक सीटों में दरभंगा से सबसे अधिक 40 उम्मीदवार मैदान में हैं। पटना से 18,तिरहुत से 17 और कोसी से 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं,शिक्षक कोटे की सीटों में पटना और सारण से 18-18,दरभंगा से 13 और तिरहुत से 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। नाम वापस लेने वालों में पटना शिक्षक सीट की अर्चिता प्रकाश और सारण शिक्षक सीट के जयराम राय शामिल हैं।
पटना और सारण सीट परNDAकी चुनौती
विधान परिषद चुनाव में पटना और सारण शिक्षक सीटें राजनीतिक रूप से चर्चा में हैं। पटना शिक्षक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार के सामने जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह चुनौती पेश कर रहे हैं। इस मुकाबले को लेकर तब राजनीतिक हलचल बढ़ गई,जब जेडीयू विधायक अनंत सिंह के अनुज सिंह के समर्थन में खड़े होने की बात सामने आई।
उधर,सारण शिक्षक सीट पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रवक्ता रामपुकार सिन्हा की उम्मीदवारी नेNDAके भीतर मतभेदों को उजागर किया है। पार्टी के चार में से तीन विधायकों के उनके समर्थन में होने की चर्चा है।
आठ सीटों पर होने वाला यह चुनावNDAके लिए एकजुटता और आपसी समन्वय की परीक्षा माना जा रहा है। मतदान 23 अक्टूबर को होगा,जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।