BIHAR MLC ELECTION RESULT
बिहार एमएलसी चुनाव में NDA को चार सीटें, निर्दलीयों ने दो पर मारी बाजी, जन सुराज और राजद को मिली एक-एक सीट
पटना : बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद राजनीतिक तस्वीर साफ हो गई है. चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम में एनडीए के उम्मीदवारों ने चार सीटों पर जीत दर्ज की. वहीं, दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी. जन सुराज और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को एक-एक सीट मिली.
पटना शिक्षक सीट पर बड़ा उलटफेर
इस चुनाव में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम सबसे अधिक चर्चा में रहा. यहां राजद के डॉ. संजीव सिंह ने भाजपा के दिग्गज नेता और मौजूदा विधान पार्षद नवल किशोर यादव को हराकर जीत हासिल की. इस परिणाम को भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
वहीं,पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रखी. उनकी जीत से जदयू को महत्वपूर्ण सफलता मिली है.
दरभंगा में जन सुराज का खुला खाता
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की. इस परिणाम से बिहार की राजनीति में जन सुराज की मौजूदगी को मजबूती मिली है. वहीं,दरभंगा स्नातक सीट पर भाजपा के सर्वेश कुमार विजयी रहे.
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत हासिल की,जबकि तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी ने बाजी मारी.
कोसी और सारण में निर्दलीयों का दम
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. एनके यादव विजयी रहे. वहीं,सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय राहुल राज ने जीत दर्ज की. भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद राहुल राज निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे थे.
आठ सीटों के इन नतीजों ने बिहार की राजनीतिक तस्वीर में नए समीकरणों के संकेत दिए हैं. खासकर पटना शिक्षक सीट पर भाजपा की हार और दरभंगा में जन सुराज की जीत चुनाव के प्रमुख परिणाम रहे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।