बिहार MLC चुनाव 2026
आठ सीटों पर जीत के लिए भाजपा ने बनाई रणनीति, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी है.बुधवार को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई.बैठक में एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई.
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने की.उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की.उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती,कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बेहतर समन्वय चुनावी सफलता का प्रमुख आधार है.
बैठक में विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दिया गया.इसके लिए जनसंपर्क अभियान को तेज करने,कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया.
भाजपा नेताओं ने चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के साथ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी जोर दिया.बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने और चुनाव के दौरान सभी स्तरों पर सक्रियता बनाए रखने को लेकर चर्चा हुई.
इस बैठक में भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसानिया,बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा और संजय सिंह टाइगर मौजूद रहे.इनके अलावा विधानसभा में मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया,उप सचेतक रत्नेश कुशवाहा,विधान पार्षद जीवन कुमार,प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर,नितिन अभिषेक और सरोज रंजन पटेल सहित कई विधायक,विधान पार्षद,जिलाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए.
वहीं,बिहार भाजपा के सह प्रभारी बनने के बाद पहली बार प्रदेश कार्यालय पहुंचे रोहन गुप्ता का प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया.बैठक को आगामी विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।