BIHAR NEWS
बिहार में युवाओं और छूटे पात्र नागरिकों के लिए विशेष वोटर रजिस्ट्रेशन ड्राइव शुरू, BLO घर-घर पहुंचकर भरवाएंगे फॉर्म-6
पटना: बिहार में युवाओं और मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के लिए विशेष वोटर रजिस्ट्रेशन अभियान शुरू किया गया है. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने एक महीने तक चलने वाले इस विशेष अभियान को लेकर आदेश जारी किया है. अभियान का उद्देश्य ऐसे योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है, जो किसी कारण से अब तक सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं.
अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर यानीBLO घर-घर जाकर पात्र नागरिकों की पहचान करेंगे. सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले नागरिकों से अनिवार्य रूप से प्रारूप-6यानीForm-6भरवाया जाएगा. इसके बाद उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
निर्वाचन विभाग की ओर से जरूरत के अनुसार मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे. इन कैंपों के जरिए रात में आश्रय लेने वाले लोगों, मजदूरों की कॉलोनियों, बेघर नागरिकों और कमजोर वर्ग के पात्र लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे.
अभियान के दौरान राजनीतिक दलों के साथ भी समन्वय किया जाएगा.BLO द्वारा तैयार की गई पात्र नागरिकों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट यानीBLA के साथ साझा की जाएगी. अभियान पूरा होने के बाद निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी मतदान केंद्रवार सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराएंगे.
इस पूरे अभियान की निगरानी राज्य, जिला और निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी स्तर पर की जाएगी. निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि विशेष अभियान के जरिए अधिक से अधिक योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।