बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार
135 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बने 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हड्डी, आंख और ईएनटी के विशेषज्ञ डॉक्टरों की होगी तैनाती
पटना : बिहार में ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा फैसला लिया है. राज्य के विभिन्न जिलों में बनकर तैयार 135 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में उत्क्रमित कर दिया गया है. इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. सरकार के इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेगी.
विशेषज्ञ डॉक्टरों की होगी तैनाती
राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत इन सभी 135 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां हड्डी रोग, नेत्र रोग और नाक, कान एवं गला (ईएनटी) से संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद सृजित किए गए हैं. इससे ग्रामीण मरीजों को इन बीमारियों के इलाज के लिए जिला अस्पताल या बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ेगा.
प्रत्येक केंद्र में 47 पद होंगे निर्धारित
स्वास्थ्य केंद्रों के बेहतर संचालन के लिए प्रत्येक संस्थान में 24 प्रकार के कुल 47 पद निर्धारित किए गए हैं. इनमें उपाधीक्षक, विशेषज्ञ चिकित्सक, सामान्य चिकित्सक, जीएनएम नर्स, सीनियर फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, फिजियोथेरेपिस्ट और अस्पताल प्रबंधन से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं. इसके अलावा डेंटल हाइजीनिस्ट और ड्रेसर के पहले से सृजित एक-एक पद भी शामिल रहेंगे.
बिहार के सभी 38 जिलों को मिलेगा लाभ
इस योजना में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, अररिया, मधुबनी, समस्तीपुर, वैशाली, बेगूसराय, भोजपुर, गोपालगंज, कटिहार और औरंगाबाद समेत बिहार के सभी 38 जिलों के स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं.
ग्रामीण मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
30 बेड की व्यवस्था, विशेषज्ञ डॉक्टरों और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में इलाज की उपलब्धता बढ़ेगी. इससे जिला अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है. स्वास्थ्य विभाग का यह कदम ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।