BIHAR NEWS
बिहार में सुधा बूथ की तर्ज पर खुलेंगे 100 फ्रेश कैच कियोस्क, 10.56 करोड़ रुपये खर्च, ताजी मछली के साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
पटना:बिहार में अब लोगों को सुधा बूथ की तर्ज पर साफ-सुथरे काउंटर पर ताजी मछली उपलब्ध कराने की तैयारी है. राज्य सरकार की ओर से सात निश्चय-3के तहत प्रदेश में100फ्रेश कैच कियोस्क स्थापित किए जाएंगे. इस योजना पर अधिकतम10.56करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसका उद्देश्य शहरी उपभोक्ताओं को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण मछली उपलब्ध कराने के साथ मछली पालकों को बेहतर बाजार मुहैया कराना है.
पहले चरण में30कियोस्क
योजना के पहले चरण में30कियोस्क का निर्माण किया जा रहा है, जबकि दूसरे चरण में70कियोस्क स्थापित किए जाएंगे. पहले चरण में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, बेगूसराय, मोतिहारी, बेतिया, हाजीपुर, किशनगंज, कटिहार और मुंगेर समेत प्रमुख शहरों में कियोस्क खोले जाएंगे.
इस योजना का क्रियान्वयन डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के अंतर्गत मत्स्य निदेशालय और बिहार एक्वाकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से किया जाएगा.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे कियोस्क
फ्रेश कैच कियोस्क में मछलियों के सुरक्षित भंडारण और बिक्री के लिए कोल्ड चेन, डीप फ्रीजर, डिस्प्ले काउंटर, स्वच्छ जल, बिजली, जल निकासी और बैकअप जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगी. डिजिटल भुगतान और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था भी की जाएगी. इससे मछलियों की गुणवत्ता और ताजगी बनाए रखने में मदद मिलेगी.
निर्माण लागत का80प्रतिशत तक अनुदान
योजना के तहत एक कियोस्क की निर्धारित इकाई लागत11लाख रुपये है. सरकार निर्धारित लागत के80प्रतिशत या वास्तविक निर्माण लागत, दोनों में से जो भी कम होगा, उसका वहन करेगी.
मछली पालकों को मिलेगा लाभ
इस पहल से मछली पालकों, मत्स्य सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों को अपने उत्पाद बेचने के बेहतर अवसर मिलेंगे. साथ ही कियोस्क के संचालन से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. संचालकों के प्रशिक्षण और व्यवस्थित आपूर्ति श्रृंखला पर भी जोर दिया जाएगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।