Live

BIHAR NEWS

बिहार में किसानों के लिए बनेंगे बहुमंजिला आधुनिक बाजार, 54 बाजार समितियों के जीर्णोद्धार पर 2700 करोड़ रुपये खर्च करेगी सम्राट सरकार

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: बिहार में किसानों की उपज की बिक्री और भंडारण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सम्राट चौधरी सरकार ने बाजार समितियों के आधुनिकीकरण की योजना बनाई है. इसके तहत बाजार समिति की जमीन पर बहुमंजिला आधुनिक मार्केट विकसित किए जाएंगे. यहां किसानों को फल,सब्जी,अनाज,डेयरी उत्पाद,मछली और फूलों की बिक्री के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

एक ही परिसर में मिलेगी कई सुविधाएं

योजना के अनुसार,आधुनिक बाजारों के अलग-अलग तलों पर विभिन्न कृषि उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था होगी. किसानों की उपज सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज और बड़े गोदाम बनाए जाएंगे. इसके अलावा किसानों और व्यापारियों के लिए कैंटीन,40 बेड का गेस्ट हाउस,महिलाओं के लिए विश्राम गृह और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएगी.

ऑनलाइन बिक्री से जुड़ेंगे किसान

बाजार समितियों को राष्ट्रीय कृषि बाजार यानी ई-नाम (e-NAM)से जोड़ने की योजना है. इससे किसान ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी उपज बेच सकेंगे और दूसरे राज्यों के बाजारों तक पहुंच बना सकेंगे. कोल्ड स्टोरेज की सुविधा मिलने से किसानों को अपनी उपज तुरंत कम कीमत पर बेचने की मजबूरी से राहत मिल सकती है.

54 बाजार समितियों का हो रहा आधुनिकीकरण

रिपोर्ट के अनुसार,बिहार की 54 बाजार समितियों के जीर्णोद्धार पर करीब 2700 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. गया के चंदौती और वैशाली बाजार समिति का काम पूरा हो चुका है,जबकि पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में काम अंतिम चरण में बताया गया है.

इन बाजार समितियों में सड़क,चहारदीवारी,नाला,बिजली,पेयजल,सीसीटीवी और सौर ऊर्जा जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही है. सरकार की इस पहल का उद्देश्य कृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत करना,किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उनकी आय बढ़ाने में मदद करना है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें