Live

BIHAR NEWS

बिहार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 531 प्रतिष्ठानों की जांच, खराब खाद्य सामग्री जब्त

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने राज्यव्यापी जांच अभियान तेज कर दिया है. अभियान के तहत अब तक 531 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है. इनमें पटना के 87 प्रतिष्ठान शामिल है. जांच के दौरान कई जगहों पर खराब, दुर्गंधयुक्त और एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर जब्ती और नष्ट करने की कार्रवाई की गई. विभाग ने दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए हैं, जबकि 15 के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई की गई है.

होटल और फास्ट फूड आउटलेट भी जांच के दायरे में

विभाग की टीमों ने होटल, रेस्तरां, मिठाई दुकानों, डेयरी, फास्ट फूड सेंटर, पैकेज्ड पेयजल इकाइयों और ऑनलाइन खाद्य सामग्री बेचने वाले स्टोर की जांच की. पटना में होटल मौर्या, द पनाश, बारबेक्यू नेशन, KFC और पिज्जा हट समेत कई प्रतिष्ठानों की रसोई, साफ-सफाई और खाद्य भंडारण व्यवस्था की पड़ताल की गई.

कई जिलों में जब्ती और कार्रवाई

जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में दुर्गंधयुक्त पनीर, कीड़े लगे ब्रेड पैकेट और जला हुआ तेल मिलने की जानकारी सामने आई. ब्लिंकिट स्टोर से एक्सपायरी दूध समेत विभिन्न दुकानों से घी, आटा, मसाले और मैदा जब्त कर नष्ट कराए गए.

वैशाली जिले में बिना वैध लाइसेंस संचालित इकाइयों से22,992लीटर पैकेज्ड पेयजल जब्त किया गया. बिदुपुर में दो प्रतिष्ठानों से328किलोग्राम पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया. मुजफ्फरपुर, गया, रोहतास, सारण, गोपालगंज, सीवान और पश्चिम चंपारण में भी जांच अभियान चलाया गया.

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और वैध लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों को कार्रवाई की रिपोर्ट FoSCoS पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें