BIHAR NEWS
बिहार में जमाबंदी सुधार अभियान तेज, 32 अंचलों में औचक निरीक्षण, 31 अक्टूबर तक रिकॉर्ड की त्रुटियां दूर करने का लक्ष्य
पटना: बिहार में जमाबंदी सुधार एवं उत्तराधिकार नामांतरण विशेष अभियान की निगरानी अब मुख्यालय स्तर से भी की जा रही है. शनिवार को मुख्यालय से 16 अधिकारियों को राज्य के 16 जिलों के 32 अंचलों में औचक निरीक्षण के लिए भेजा गया. अधिकारियों ने अंचल कार्यालयों में पहुंचकर अभियान की जमीनी प्रगति की पड़ताल की.
निरीक्षण के दौरान जमाबंदी में दर्ज त्रुटियों के सुधार,रिक्त प्रविष्टियों को भरने और लंबित उत्तराधिकार नामांतरण मामलों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई. इसके साथ ही अंचल कार्यालयों में संचालित ऑनलाइन सेवाओं और अभिलेखागार में रिकॉर्ड के रखरखाव एवं संधारण की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया.
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने कहा कि विभाग का स्पष्ट उद्देश्य है कि विशेष अभियान केवल कागजों पर नहीं,बल्कि धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू हो. अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में अभियान से जुड़े कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
बिहार में यह 45 दिवसीय विशेष अभियान 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चल रहा है. इसके तहत जमाबंदी अभिलेखों को दुरुस्त करने और उत्तराधिकार नामांतरण के लंबित मामलों का निष्पादन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
औचक निरीक्षण के दौरान नवंबर में वासविहीन परिवारों को पर्चा निर्गत करने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. मुख्यालय स्तर से यह देखा जा रहा है कि अंचलों में अभियान की वास्तविक प्रगति क्या है और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए कहां तेजी की जरूरत है.
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि 31 अक्टूबर तक जमाबंदी की त्रुटियों का सुधार लक्ष्य है. अधिकारियों को गंभीरता और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।