BIG BREAKING
बिहार में EOU का बड़ा एक्शन, DPO रूबी कुमारी के चार ठिकानों पर छापेमारी, आय से 80 फीसदी अधिक संपत्ति का आरोप
पटना : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. किशनगंज में समग्र शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में मंगलवार सुबह छापेमारी की गई. EOU की विशेष टीमों ने किशनगंज और कटिहार में उनके कुल चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया.
जानकारी के मुताबिक, विशेष न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है. किशनगंज में EOU की एक टीम रूबी कुमारी के किराए के मकान पर पहुंची, जबकि दूसरी टीम समग्र शिक्षा अभियान के जिला कार्यालय स्थित उनके चेंबर की तलाशी ले रही है. कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी तैनात है.
कटिहार में भी EOU की दबिश
छापेमारी का दायरा किशनगंज तक सीमित नहीं रहा. कटिहार में भी रूबी कुमारी से जुड़े दो ठिकानों पर EOU की टीमों ने तलाशी ली. चारों स्थानों पर अधिकारियों की मौजूदगी में दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच की जा रही है.
वैध आय से 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप
प्रारंभिक जांच में रूबी कुमारी की घोषित और वैध आय की तुलना में करीब 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की बात सामने आई है. इसी आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है.
EOU की टीमें जमीन के दस्तावेज, बैंक पासबुक, निवेश से जुड़े कागजात, नकदी और सोने-चांदी के जेवरात की जांच कर रही हैं. इसके अलावा कंप्यूटर और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं.
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रूप से अर्जित संपत्ति के स्रोत क्या हैं और उनका वैध आय से कितना अंतर है. फिलहाल छापेमारी जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।