Live

बिहार में दो अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का होगा विकास

सोनपुर-अजगैवीनाथ बनेंगे बड़े विमानों के मेंटेनेंस हब, पायलटों को भी मिलेगी ट्रेनिंग सुविधा

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार बड़ी तैयारी कर रही है. सोनपुर (सारण) और अजगैवीनाथ धाम (सुल्तानगंज, भागलपुर) में प्रस्तावित दो ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को अत्याधुनिक विमानन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है. इन दोनों एयरपोर्ट पर बड़े विमानों की मरम्मत, रखरखाव और ओवरहॉलिंग (एमआरओ) की सुविधा विकसित की जाएगी. इसके साथ ही यहां पायलटों को प्रशिक्षण देने के लिए फ्लाइंग ट्रेनिंग सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे.

बिहार सरकार इसके लिए विशेष एविएशन विजन एंड पॉलिसी तैयार कर रही है. राज्य के सिविल विमानन विभाग के सचिव डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे की ओर से इस संबंध में संकल्प पत्र जारी किया गया है. सरकार का उद्देश्य बिहार को विमानन क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है.

इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए सरकार ने गुरुग्राम की कंसल्टेंसी एजेंसी केपीएमजी इंडिया सर्विसेज एलएलपी को परामर्शी के रूप में नियुक्त किया है. एजेंसी को नीति और व्यापक एविएशन रोडमैप तैयार करने के लिए करीब 86.17 लाख रुपये और लागू टैक्स का भुगतान किया जाएगा. यह रोडमैप बिहार की भौगोलिक स्थिति, व्यावसायिक संभावनाओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार होगा.

क्षेत्रीय एयरपोर्ट भी होंगे विकसित

योजना के तहत मुजफ्फरपुर के पताही, वीरपुर, वाल्मीकिनगर और सहरसा एयरपोर्ट को भी विकसित करने की तैयारी है. इन हवाई अड्डों के रनवे और बुनियादी सुविधाओं को अपग्रेड किया जाएगा, ताकि छोटे वाणिज्यिक विमानों का परिचालन शुरू हो सके.

सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. साथ ही बिहार के विभिन्न जिलों की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें