BIHAR NEWS
बिहार में भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट, गंडक-कोसी क्षेत्र में प्रशासन सतर्क, NDRF-SDRF तैनात, आपात मदद के लिए 1070
पटना: बिहार में भारी बारिश और नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है. गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बारिश के कारण सीमावर्ती और नदी से जुड़े संवेदनशील जिलों में प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है.
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शनिवार को संबंधित जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की. सीतामढ़ी,पश्चिमी चंपारण,पूर्वी चंपारण,शिवहर,वैशाली,गोपालगंज,सारण,मधुबनी,दरभंगा,समस्तीपुर,मुजफ्फरपुर,सहरसा,सुपौल,मधेपुरा,कटिहार,खगड़िया और बेगूसराय समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.
जिला प्रशासन को नदियों के जलस्तर और प्रवाह,निचले इलाकों,तटबंधों,नदी किनारे बसे गांवों,पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है. कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है,लेकिन इसके आसपास के जिलों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
संभावित आपात स्थिति को देखते हुएNDRFऔरSDRFकी टीमों को तैयार रहने को कहा गया है. प्रभावित इलाकों में नाव,लाइफ जैकेट और रेस्क्यू उपकरण पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रशासन को माइकिंग के जरिए लोगों तक समय पर चेतावनी पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा गया है. सरकार ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. आपातकालीन सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग का टोल-फ्री नंबर1070जारी किया गया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।