Live

BIHAR NEWS

बिहार में एंबुलेंस सेवा होगी हाईटेक, जीपीएस से होगी 24 घंटे निगरानी

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार में मरीजों को समय पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है. इसके तहत राज्य की सभी सरकारी एंबुलेंस में जीपीएस लगाया जाएगा. इससे एंबुलेंस की वास्तविक लोकेशन और परिचालन की ऑनलाइन निगरानी की जा सकेगी. इस पहल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को जल्द से जल्द एंबुलेंस उपलब्ध कराना है.


कंट्रोल रूम से होगी निगरानी


नई व्यवस्था के तहत एंबुलेंस की निगरानी के लिए केंद्रीयकृत नियंत्रण कक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण होगी. जीपीएस प्रणाली के माध्यम से कंट्रोल रूम को पता रहेगा कि कौन-सी एंबुलेंस किस स्थान पर मौजूद है. दुर्घटना,गंभीर बीमारी या अन्य आपातकालीन स्थिति में मरीज की सूचना मिलने पर उसके सबसे नजदीक उपलब्ध एंबुलेंस की पहचान की जाएगी. इसके बाद संबंधित वाहन को तुरंत रवाना करने की व्यवस्था होगी.


इससे एंबुलेंस खोजने और मरीज तक पहुंचने में होने वाली देरी कम होने की उम्मीद है. खासकर गंभीर मरीजों और दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में यह व्यवस्था मददगार साबित हो सकती है.


निजी एंबुलेंस भी होगी व्यवस्था में शामिल


स्वास्थ्य विभाग सरकारी एंबुलेंस के साथ निजी एंबुलेंस को भी इस प्रणाली से जोड़ने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए निजी एंबुलेंस की मैपिंग की जाएगी,ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी उपलब्धता की जानकारी मिल सके.


इसके अलावा निजी एंबुलेंस के लिए निर्धारित किराया तय करने की भी योजना है. इसका उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों से मनमाना किराया वसूले जाने पर रोक लगाना है.


ग्रामीण मरीजों को मिलेगी राहत


जीपीएस आधारित निगरानी व्यवस्था लागू होने से एंबुलेंस सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है. दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले मरीजों को भी आपातकालीन सहायता मिलने में सुविधा हो सकती है.


पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें