Hindi News / हर ग्राम पंचायत तक पहुंचेगी नई रोजगार योजना

बिहार में 15 अगस्त तक पंच सम्मेलन : हर ग्राम पंचायत तक पहुंचेगी नई रोजगार योजना

Edited By:  |
bihar mai 15 august tak panch sammelan

पटना: बिहार में ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के लिए15अगस्त तक प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में‘पंच सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा. केंद्र सरकार की नई विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण यानी वीबी-जीरामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता को लेकर यह प्रदेशव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.

सम्मेलन में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे. इसमें खास तौर पर मुखिया, वार्ड सदस्य और पंचों की भागीदारी होगी. सरकार का उद्देश्य पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को नई योजना की पूरी जानकारी देना है, ताकि इसका लाभ ग्रामीण आबादी तक प्रभावी तरीके से पहुंच सके.

ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार के अनुसार, पंच सम्मेलन के दौरान पुरानी मनरेगा व्यवस्था और पहली जुलाई2026से लागू हुई वीबी-जीरामजी योजना के बीच के अंतर को विस्तार से समझाया जाएगा. प्रतिनिधियों को योजना के प्रावधानों, कार्यान्वयन की प्रक्रिया और पारदर्शिता से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी जाएगी.

नई योजना का मुख्य फोकस गांवों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने, ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर है. योजना के क्रियान्वयन में डिजिटल भुगतान और पारदर्शी व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है.

सरकार की कोशिश है कि पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के जरिए योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए. पंच सम्मेलन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में योजना को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ इसके बेहतर क्रियान्वयन की निगरानी को भी मजबूत किया जाएगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-