BIHAR NEWS
बिहार में 1 से 25 दिसंबर तक चलेगा सेवा दूत अभियान, योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाने घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता
पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार में 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और सेवा दूत घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे. साथ ही यह भी पता लगाएंगे कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित सेवा दूत एवं विधानसभा समन्वय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व में देश को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है. केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है. वर्ष 2037 तक बिहार को समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास और आवास योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार में 65 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 43 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराया जा चुका है. ग्रामीण क्षेत्रों में आवास निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 22 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
उन्होंने बताया कि राज्य में 1 करोड़ 92 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है. इस पर सरकार लगभग 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी खर्च कर रही है. वहीं, 1 करोड़ 9 लाख बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा पेंशनधारियों को प्रत्येक महीने 1100 रुपये दिए जा रहे हैं.
औद्योगिक विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सीमेंट फैक्ट्रियों और अन्य उद्योगों की स्थापना की दिशा में काम हो रहा है. बिहार में फिलहाल लगभग 10 हजार मेगावाट बिजली की खपत है. वर्ष 2030 तक 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा दूत अभियान के दौरान कार्यकर्ता जनता की समस्याएं और सुझाव सरकार तक पहुंचाएंगे. 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर अभियान का समापन होगा. इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना और जनता का विश्वास मजबूत करना है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।