BIHAR NEWS
बिहार की 52 जेलों में छठ की धूम, 1215 बंदी कर रहे व्रत, जेल रेडियो पर गूंज रहे पारंपरिक गीत
पटना : बिहार में छठ महापर्व की धूम अब जेलों के भीतर भी देखने को मिल रही है. राज्य की 52 जेलों में कुल 1215 बंदी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं. इनमें 613 पुरुष और 602 महिला बंदी शामिल हैं. खास बात यह है कि इनमें 431 बंदी पहली बार छठ का व्रत कर रहे हैं. पहली बार व्रत करने वालों में 220 पुरुष और 211 महिला बंदी हैं.
कारा प्रशासन की ओर से छठव्रतियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. बंदियों को पूजा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है. जेल परिसर में ही अर्घ्य देने के लिए अस्थायी घाट बनाए गए हैं. वहीं, जेल रेडियो पर छठ के पारंपरिक और भक्ति गीत बजाए जा रहे हैं, जिससे जेलों के भीतर भी छठ का भक्तिमय माहौल बना हुआ है.
बेउर जेल में 37 बंदी कर रहे छठ
राजधानी पटना स्थित आदर्श केंद्रीय कारा बेउर में भी छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारी की गई है. यहां कुल 37 बंदी छठ व्रत कर रहे हैं. इनमें 21 पुरुष और 16 महिला बंदी शामिल हैं. जेल प्रशासन की ओर से सभी व्रतियों को पूजा सामग्री, नए वस्त्र और अन्य आवश्यक धार्मिक सामान उपलब्ध कराया जा रहा है.
शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत हुई. व्रतियों को अरवा चावल, कद्दू की सब्जी और दाल का प्रसाद उपलब्ध कराया गया. इसके अलावा गंगाजल भी दिया गया.
तालाब की सफाई कर की गई विशेष व्यवस्था
बेउर जेल परिसर स्थित तालाब की विशेष साफ-सफाई कराई गई है. तालाब में स्वच्छ पानी भरने के साथ गंगाजल भी मिलाया गया है, ताकि व्रती श्रद्धापूर्वक भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें.
जेल अधीक्षक राजीव कुमार के अनुसार, व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. जेल प्रशासन की यह पहल आस्था, भाईचारे और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश कर रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।