BIHAR NEWS
बिहार के वित्तरहित शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों के खातों में दो दिनों के भीतर अनुदान राशि भेजेगा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति
पटना : बिहार सरकार के निर्देश पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने राज्य के वित्तरहित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों को अनुदान राशि भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी है. अगले दो दिनों के भीतर अनुदान वितरण की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके तहत पात्र कर्मियों के बैंक खातों में सीधे आरटीजीएस के माध्यम से राशि भेजी जा रही है.
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि अनुदान वितरण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है. भुगतान प्रक्रिया के पहले ही दिन बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मियों के बैंक खातों में अनुदान की राशि भेज दी गई है. शेष पात्र कर्मियों के खातों में भी निर्धारित समय के भीतर राशि अंतरित कर दी जाएगी.
आरटीजीएस से सीधे खातों में भुगतान
अनुदान राशि का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से सीधे संबंधित कर्मियों के बैंक खातों में किया जा रहा है. इससे भुगतान प्रक्रिया को सरल,पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी. समिति की ओर से पात्र शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों तक राशि पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
समिति के अनुसार,वित्तरहित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों की प्रबंध समितियों से प्राप्त सूची और संबंधित जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित प्रपत्रों के आधार पर अनुदान का वितरण किया जा रहा है.
अधूरे दस्तावेज वाले संस्थानों से मांगी गई सूची
जिन वित्तरहित संस्थानों की प्रबंध समिति से अनुमोदित सूची और जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित प्रपत्र अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं,उनसे आवश्यक दस्तावेज मांगे जा रहे हैं. समिति का लक्ष्य है कि दस्तावेज पूरे होने के बाद इन संस्थानों के पात्र कर्मियों को भी अगले दो दिनों के भीतर अनुदान राशि भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए. इससे संबंधित कर्मियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।