Live

BIG BREAKING

बिहार BPSSC में बड़ा बदलाव, जीएनएस गंगवार बने अध्यक्ष, दरोगा भर्ती विवाद के बीच बदली कमान

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के अध्यक्ष पद पर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है. गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने अधिसूचना जारी कर जीएनएस गंगवार को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है. वह अपने मूल कार्यों के अतिरिक्त अगले आदेश तक BPSSC अध्यक्ष का प्रभार संभालेंगे. वहीं, पूर्व अध्यक्ष केएस द्विवेदी को पद से मुक्त कर दिया गया है. केएस द्विवेदी भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं.

जीएनएस गंगवार की नियुक्ति बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग अधिनियम, 2016 की धारा 3(1) के तहत की गई है. सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद आयोग की कमान अब नए अधिकारी के हाथों में होगी.

दारोगा भर्ती परीक्षा विवाद के बीच बदलाव अहम

BPSSC में नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय हुआ है, जब हाल में दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर काफी विवाद और हंगामा हुआ था. परीक्षा की प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठे थे. मामले की जांच प्राधिकरण की ओर से की जा रही थी. विवाद बढ़ने के बाद आयोग ने अंततः दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया था.

ऐसे में आयोग के अध्यक्ष पद में बदलाव को महत्वपूर्ण प्रशासनिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, सरकार की अधिसूचना में अध्यक्ष बदलने और अतिरिक्त प्रभार दिए जाने की बात कही गई है, लेकिन परीक्षा विवाद या जांच से इस नियुक्ति को सीधे जोड़ने का कोई आधिकारिक उल्लेख नहीं किया गया है.

अब नए अध्यक्ष के सामने आयोग की भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, अभ्यर्थियों का विश्वास बहाल करने और आगामी परीक्षाओं को निष्पक्ष तरीके से संचालित करने की चुनौती होगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें