BIG NEWS : गोपालगंज कोर्ट से हथकड़ी सरका कर फरार हुए 2 शराब तस्कर, एक दबोचा गया, दूसरे की तलाश जारी
गोपालगंज: व्यवहार न्यायालय गोपालगंज परिसर में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब शराब तस्करी के दो आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए. हालांकि पुलिस की तत्परता से एक आरोपी को कुछ ही देर में दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया,जबकि दूसरे की तलाश जारी है.
मामला गोपालगंज जिले के व्यवहार न्यायालय परिसर का है,जहां उत्पाद विभाग की टीम दो शराब तस्करों को कोर्ट में पेशी के लिए लेकर पहुंची थी. दोनों आरोपियों को कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया था. उनके पास से दस-दस पेटी शराब बरामद की गई थी.
बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर में भारी भीड़ और सुरक्षा में चूक का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने हाथों से हथकड़ी सरका ली और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए. घटना के बाद कोर्ट परिसर और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
फरार होने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए पीछा शुरू किया और घेराबंदी कर एक आरोपी राजा पांडेय को दोबारा गिरफ्तार कर लिया. जबकि दूसरा आरोपी अब भी फरार है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक,फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है. साथ ही इस पूरे मामले में सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी.
फिलहाल एक आरोपी दोबारा पुलिस हिरासत में है,जबकि दूसरे की तलाश जारी है. पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट—