BIG NEWS : मुंगेर में गंगा स्नान के दौरान 4 सगी बहनें समेत 5 किशोरी डूबी, एक का शव बरामद
मुंगेर : बड़ी खबर बिहार के मुंगेर से है जहां वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के बकचपरा गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान 5 किशोरियां गंगा की तेज धार में डूब गई. हादसे में चार सगी बहनें समेत पांच किशोरियों के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया. एक बच्ची का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया है. घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
जानकारी के अनुसार, बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी तथा पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी बुधवार सुबह गंगा स्नान करने और गंगाजल भरने के लिए बकचपरा गंगा घाट पहुंची थी. इसी दौरान सभी किशोरियां गंगा में उतरी और अचानक गहरे पानी में चली गईं, जिससे सभी डूबने लगी. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने वासुदेवपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने संगीता कुमारी का शव गंगा से बरामद कर लिया. वहीं, बाकी किशोरियों की तलाश जारी है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन गंगा घाट पर पहुंचे. घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद हैं और लापता किशोरियों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट--