BIG NEWS : मुजफ्फरपुर में हार्डवेयर व्यवसायी को गोली मारने के मामले का खुलासा, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर: बड़ी खबर मुजफ्फरपुर से है जहां पानापुर करियात थाना क्षेत्र के सेरुकाही चौक के समीप हार्डवेयर व्यवसायी को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार घटना जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश का परिणाम थी. मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है,जबकि एक महिला और एक पुरुष को भी गिरफ्तार किया गया है.
गुरुवार की शाम पानापुर करियात थाना क्षेत्र के सेरुकाही चौक के पास हार्डवेयर व्यवसायी सुभाष कुमार ठाकुर को गोली मारकर घायल कर दिया गया था. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर सघन जांच और छापेमारी शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने गोली चलाने वाले विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर लिया. इसके अलावा आरोपी की मां अंजू देवी तथा घटना के कथित साजिशकर्ता बबन ठाकुर को भी गिरफ्तार किया गया.
एसडीपीओ-1 सुचित्रा कुमारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश से जुड़ा पाया गया है. उन्होंने कहा कि घायल सुभाष कुमार ठाकुर की सुबोध कुमार तिवारी से पहले से रंजिश चल रही थी. इसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. साजिसकर्ता बबन ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट-