BIG NEWS : चोरी की जांच करने गई पुलिस टीम पर हमला, सुपौल में होमगार्ड जवान का सिर फटा; SP बोले- कराएंगे जांच
सुपौल: जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पतरघट्टी वार्ड-5 में शनिवार को जेवरात चोरी मामले की जांच करने गई पुलिस टीम पर कथित आरोपित के परिजनों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार के साथ मारपीट की गई,जबकि उन्हें बचाने के दौरान होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में लोहे की रॉड लगने से गहरी चोट आई,जिसके बाद उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया गया.
जानकारी के अनुसार,करीब एक सप्ताह पहले नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-18 निवासी राकेश भगत के घर से जेवरात चोरी हो गए थे. आरोप है कि परिवार का एक सदस्य,जो स्मैक का आदी बताया जाता है,घर से गहने चुराकर अपने कुछ साथियों के साथ बेच दिया और रुपये खर्च कर दिए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान पतरघट्टी निवासी अनिरुद्ध यादव के पुत्र आकाश कुमार की कथित संलिप्तता की जानकारी मिलने पर एसआई विजय कुमार पुलिस टीम के साथ पूछताछ के लिए उसके घर पहुंचे.
बताया जाता है कि जब पुलिस आकाश कुमार को थाने ले जाने लगी,तभी आकाश,उसके भाई आशीष तथा अन्य परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस दौरान एसआई विजय कुमार के साथ मारपीट की गई और उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया.
घायल होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव ने बताया कि एसआई पर दो बार रॉड से हमला किया गया. पहली बार रॉड उन्हें लगी,जबकि दूसरी बार एसआई को बचाने के प्रयास में रॉड उनके सिर पर लग गई,जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस एक महिला अनीता देवी को पूछताछ के लिए थाने लाई थी,लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया.
वहीं, पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--