BIG NEWS : जमुई में राह चलती महिला से छेड़खानी, विरोध करने पर पति से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
जमुई: बड़ी खबर जमुई से है जहांगिद्धौर थाना क्षेत्र में महिला के साथ छेड़खानी और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच आक्रोश का माहौल है. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
मामले में पीड़िता कोमल कुमारी ने बताया कि वह अपने पति छोटू कुमार के साथ सिमरिया से वापस अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में राहुल सिंह उर्फ हैप्पी एवं पुरुषोत्तम सिंह नामक दो युवक ने उसे रोक लिया और जबरन हाथ पकड़कर छेड़खानी करने लगे. महिला के अनुसार जब उसके पति और आसपास मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने मारपीट शुरू कर दी.
महिला ने बताया कि घटना के बाद वह गिद्धौर थाना पहुंची थी,लेकिन आवेदन लिखने वाला कर्मी मौजूद नहीं रहने के कारण तत्काल लिखित शिकायत दर्ज नहीं हो सकी. हालांकि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार कर लिया.
इधर,गिद्धौर थाना प्रभारी राशि मलिक ने बताया कि गिरफ्तार युवक नशे की हालत में था. पूछताछ के दौरान उसने छेड़खानी की बात भी स्वीकार की है. थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं,जिनमें पॉक्सो एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं. उन्होंने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर चिंता जताई है और पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट--