Hindi News / रेणु देवी निर्विरोध बनी दरभंगा जिला परिषद अध्यक्ष, विपक्ष को नहीं मिला प्रत्याशी...

BIG NEWS : रेणु देवी निर्विरोध बनी दरभंगा जिला परिषद अध्यक्ष, विपक्ष को नहीं मिला प्रत्याशी

Edited By:  |
Reported By:
big news

दरभंगा : जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में चुनाव संपन्न हुआ. चुनावी प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद सदस्य रेणु देवी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित की गईं. जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए वे एकमात्र प्रत्याशी रहीं, जिसके कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी. 47 सदस्यीय जिला परिषद के अध्यक्ष पद को लेकर सुबह से ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं. चुनाव प्रक्रिया के दौरान रेणु देवी अपने 29 समर्थक जिला परिषद सदस्यों के साथ अंबेडकर सभागार पहुंचीं.

वहीं, निवर्तमान अध्यक्ष सीता देवी और उनके समर्थक चुनावी प्रक्रिया से पूरी तरह दूर रहे. उनके खेमे के किसी सदस्य की सदन में उपस्थिति दर्ज नहीं हुई. निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई. रेणु देवी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. उनके नामांकन का प्रस्ताव हायाघाट क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य काजल देवी ने किया, जबकि डॉ. नंदकिशोर झा ‘बेचन’ ने उन्हें समर्थन किया.

नामांकन पत्रों की जांच के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने अन्य इच्छुक सदस्यों को भी प्रत्याशी बनने का अवसर दिया, लेकिन निर्धारित समयावधि समाप्त होने तक किसी अन्य सदस्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया. इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करते हुए रेणु देवी को निर्विरोध जिला परिषद अध्यक्ष घोषित कर दिया गया. चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए समस्तीपुर के एडीएम (आपदा) प्रेक्षक के रूप में मौजूद रहे. वहीं समाहरणालय परिसर और अंबेडकर सभागार के सभी प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी.