BIG NEWS : मोहनिया में ट्रकों से अवैध वसूली का भंडाफोड़, 4 सैफ जवान समेत 9 गिरफ्तार
कैमूर: बड़ी खबर बिहार के कैमूर से है जहां अनुमंडल कार्यालय मोहनिया में पुलिस ने एसपी के निर्देश एनएच-19 पर ट्रकों से अवैध वसूली के खिलाफ छापेमारी करते हुए 4 सैफ जवान समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
मामले में मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया,जिसका नेतृत्व डीएसपी ट्रैफिक द्वारा किया गया. छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग के जांच केंद्र के पास बनी दो संदिग्ध झोपड़ियों पर धावा बोला. इस दौरान पुलिस ने मौके से ट्रकों से अवैध वसूली करते हुए कुल9लोगों को रंगे हाथ पकड़ा है. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP)के4जवान और5आम नागरिक (सिविलियन) शामिल हैं.
एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बताया कि ये नागरिक इन जवानों के इशारे पर सड़कों पर ट्रॉली (बैरियर) लगाने और हटाने का काम करते थे,ताकि ट्रकों को रोककर उनसे पैसे वसूले जा सकें. पूछताछ में यह बात सामने आई कि ये सिविलियन महीने में20से25दिन इसी अवैध काम में संलिप्त रहते थे और उन्हें इसके बदले प्रतिदिन₹300की मजदूरी मिलती थी.
पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान घटनास्थल से कुल₹57,760की नकद राशि और9मोबाइल फोन जब्त किए हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई,तो वे वसूली के संबंध में कोई भी संतोषजनक जवाब या वैध कागजात पेश नहीं कर सके. इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी (FIR)दर्ज कर ली है और सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस रैकेट में परिवहन विभाग या अन्य किसी अधिकारी की मिलीभगत तो नहीं थी.
कैमूर से अजय कुमार सिंह की रिपोर्ट--