Live

BIG NEWS

सहरसा में बरसाती पोखर में डूबने से 2 बच्चों की मौत, घटना से सनसनी

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

सहरसा : बड़ी खबर बिहार के सहरसा से है जहां तिरंगा चौक स्थित एक छोटे से बरसाती पोखर में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने दोनों शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

जानकारी के अनुसार वर्षों पहले छठ महोत्सव के आयोजन के लिए सड़क किनारे एक गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पंपसेट से पानी भरकर हर साल छठ पर्व मनाया जाता रहा है. इसमें आमतौर पर पानी न के बराबर रहता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से हुई मूसलधार बारिश से गड्ढा पूरी तरह भर गया. बुधवार को कई बच्चे वहां खेलने पहुंचे और इसी दौरान छोटू और अबूबकर पानी में डूब गए. पानी में डूबता देख अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई. हालांकि, मौके पर मौजूद लोग केवल दर्शक बने रहे. पुलिस को सूचना दी गई. लेकिन पुलिस के पहुंचने में देर हुई. एक युवक ने साहस दिखाते हुए पानी में कूदकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बरसाती पानी के इकट्ठा होने और प्रशासन की लापरवाही को लेकर तिरंगा चौक को घंटों जाम कर दिया. बाद में पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ताओं के समझाने पर रोड जाम हटाया गया और दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मृतक बच्चे 8 वर्षीय छोटू और 11 वर्षीय अबूबकर गंगजला नियामत टोला के रहने वाले थे. इनके पिता मोहम्मद सज्जाद बगल के ही मोहल्ले में रहते हैं.

सहरसा से शशि मिश्रा की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें