BIG NEWS : नवादा में लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 6 मोबाइल बरामद
नवादा:बड़ी खबर नवादा से है जहां पुलिस ने चंडीगढ़ साइबर थाना की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लोन दिलाने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी विभिन्न वित्तीय कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर ग्राहकों को झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम में वारिसलीगंज थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ चंडीगढ़ साइबर थाना के अधिकारी भी शामिल थे. गुप्त सूचना के आधार पर चैनपुरा गांव के समीप छापेमारी की गई. हालांकि चंडीगढ़ साइबर थाना कांड संख्या70/26के संदिग्धों का कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन कार्रवाई के दौरान तीन अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जवाहर पार्क निवासी23वर्षीय अंकित कुमार, चैनपुरा निवासी25वर्षीय सत्यवीर कुमार तथा28वर्षीय सन्नी कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मुद्रा फाइनेंस, बजाज फाइनेंस सहित अन्य वित्तीय कंपनियों के नाम पर ग्राहकों को लोन दिलाने का झांसा देते थे. इसके लिए उनके पास ग्राहकों का डाटा उपलब्ध रहता था, जिसमें मोबाइल नंबर, नाम और अन्य व्यक्तिगत जानकारी शामिल होती थी. आरोपी इसी डाटा के आधार पर लोगों से संपर्क कर प्रोसेसिंग शुल्क, फाइल चार्ज या अन्य बहाने से ठगी करते थे.
इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या457/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा66, 66बी, 66सी एवं66डी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस जब्त मोबाइल फोन की डिजिटल जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों, कॉल रिकॉर्ड और साइबर नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी.
नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट