Hindi News / मुजफ्फरपुर में 15 लाख की विदेशी शराब बरामद, बड़ा शराब कारोबारी गिरफ्तार

BIG NEWS : मुजफ्फरपुर में 15 लाख की विदेशी शराब बरामद, बड़ा शराब कारोबारी गिरफ्तार

Edited By:  |
big news

मुजफ्फरपुर: बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब तस्कर अपने नेटवर्क के जरिए अवैध कारोबार को लगातार अंजाम दे रहे हैं. हालांकि,उत्पाद विभाग भी लगातार कार्रवाई कर ऐसे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटा है. इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान एक बड़े शराब कारोबारी को पकड़ा गया है.

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी का नेटवर्क मुजफ्फरपुर के अलावा पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) तक फैला हुआ है. वहीं,कार्रवाई से पहले आरोपी लाखों रुपये की शराब की खेप विभिन्न स्थानों पर सप्लाई कर चुका था. अब उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटा है.

जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार गांव निवासी सुनील सहनी ने एक घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब का स्टॉक कर रखा है और वहां से मुजफ्फरपुर समेत मोतिहारी जिले में शराब की सप्लाई की जा रही है. सूचना के बाद उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह,इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार और एसआई नीरज कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की. तलाशी के दौरान भूसा रखने वाले एक घर से करीब 150 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई. मौके से सुनील सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि छापेमारी से पहले आरोपी लाखों रुपये की शराब की खेप विभिन्न इलाकों में भेज चुका था.

उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार शराब कारोबारी से पूछताछ में एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पूछताछ के आधार पर उससे जुड़े अन्य शराब कारोबारियों की पहचान की जा रही है. विभाग का कहना है कि पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी.

गुप्त सूचना के आधार पर मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार गांव में छापेमारी की गई. एक घर के अंदर भूसा रखने के स्थान से करीब 150 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई है. इस मामले में सुनील सहनी को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के दौरान एक बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली है. उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है,ताकि पूरे नेटवर्क को समाप्त किया जा सके.

मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट-