Live

BIG NEWS

मुजफ्फरपुर में समलैंगिक विवाह की जिद, हाईटेंशन टावर पर चढ़ी युवती

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवती के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया. साहेबगंज थाना क्षेत्र के गुलाब पट्टी गांव की रहने वाली युवती अपनी सहेली से शादी करने की जिद पर अड़ गई. परिवार द्वारा रिश्ता स्वीकार नहीं किए जाने के विरोध में उसने यह कदम उठाया.

जानकारी के अनुसार युवती का दावा है कि वह पड़ोस के गांव की एक युवती से प्रेम करती है और उससे शादी करना चाहती है. उसका कहना है कि उसने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भी भर दिया है, लेकिन परिजन उसकी शादी किसी युवक से तय कर रहे हैं. इसी से आहत होकर वह सुबह हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई और मोबाइल से वीडियो जारी कर पूछा, "क्या लड़की-लड़की में प्यार करना गुनाह है?" उसने कहा कि प्रेमिका के बिना वह जी नहीं सकती, इसलिए मरना मंजूर है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. किसी भी हादसे से बचने के लिए टावर की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई. महिला पुलिसकर्मी, परिजन और स्थानीय लोग लगातार युवती को समझाने का प्रयास करते रहे. प्रशासन ने उसकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए काउंसलर की भी मदद ली.

घटना के कारण टावर के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. पूरे इलाके में तनाव और कौतूहल का माहौल बना रहा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारना उनकी पहली प्राथमिकता है. इसके बाद उसके बयान और पूरे मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह घटना एक बार फिर प्रेम संबंधों, पारिवारिक असहमति और मानसिक तनाव जैसे संवेदनशील सामाजिक मुद्दों को सामने लेकर आई है.

संजय कुमार की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें