BIG NEWS : रोहतास में दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी ने किया सरेंडर, 5 आरोपी गिरफ्तार
रोहतास: बड़ी खबर रोहतास से है जहां जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में हुई दोहरे हत्याकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में मुख्य आरोपी पप्पू सिंह उर्फ विनय कुमार सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है. वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
रोहतास एसपी रौशन कुमार ने डिहरी स्थित एसपी कार्यालय मे प्रेसवार्ता कर बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ-2सासाराम के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की.
पुलिस दबाव बढ़ने पर मुख्य आरोपी ने31जनवरी को कोर्ट में सरेंडर कर दिया. रिमांड पर लेकर पूछताछ के दौरान जमीन विवाद को हत्या का मुख्य कारण बताया गया. आरोपी के बयान के आधार पर अन्य सहयोगियों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देसी एकनाली बंदूक,तीन जिंदा कारतूस,एक स्कॉर्पियो वाहन, दो मोटरसाइकिल और 4 मोबाइल बरामद किए हैं. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है. मामले में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है.