Hindi News / गोपालगंज में NH-27 पर टायर फटने से यात्री बस पलटी, 1 दर्जन से...

BIG NEWS : गोपालगंज में NH-27 पर टायर फटने से यात्री बस पलटी, 1 दर्जन से अधिक लोग घायल

Edited By:  |
big news

गोपालगंज : बड़ी खबर गोपालगंज से है जहां जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर बरहिमा स्थित टोल प्लाजा के समीप सोमवार को टायर फटने से यात्री बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. घटना के बाद घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया जहां सभी का इलाज जारी है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में आ रही थी. इस दौरान अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठे और सड़क किनारे बस पलटते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है और सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा घायलों का इलाज किया जा रहा है. वहीं, कुछ यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया है. अन्य घायलों का इलाज अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जारी है.

घटना के पूरे मामले में सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि बस दिल्ली से आ रही थी. इसी दौरान अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. उन्होंने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, वहीं यातायात को भी सामान्य करने का प्रयास जारी है.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-