BIG NEWS : मधुबनी डबल मर्डर केस में मां और उसके प्रेमी को फांसी की सजा, कोर्ट ने बताया 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर'
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर की अदालत ने दो मासूम बच्चों की हत्या के बहुचर्चित मामले में उनकी मां और उसके प्रेमी को फांसी की सजा सुनाई है. अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-2 अभिषेक रंजन की अदालत ने दोषी अनिता कुमारी और उसके प्रेमी जयप्रकाश मंडल को मृत्युदंड देने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया है. इसके अलावा साक्ष्य मिटाने के अपराध में दोनों को सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा भी सुनाई गई है. बताया जा रहा है कि झंझारपुर न्यायिक इतिहास में यह पहला मामला है, जिसमें किसी आरोपी को फांसी की सजा सुनाई गई है.
अभियोजन के अनुसार, जुलाई 2023 में अनिता कुमारी और जयप्रकाश मंडल के बीच प्रेम संबंध थे. दोनों को लगने लगा था कि अनिता के चार वर्षीय बेटे प्रिंस और डेढ़ वर्षीय बेटी सृष्टि उनके रिश्ते में बाधा बन रहे हैं. इसके बाद दोनों ने बच्चों की हत्या की साजिश रची और उनकी निर्मम हत्या कर शवों को बलान नदी में फेंक दिया, ताकि घटना का कोई सबूत न मिल सके.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ कई अहम प्रमाण जुटाए. अदालत में अभियोजन पक्ष ने 24 गवाह पेश किए. गवाहों के बयान, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया.
फैसला सुनाते हुए अदालत ने कहा कि मासूम बच्चों की सुनियोजित और क्रूर हत्या मानवता को झकझोर देने वाला अपराध है. इसलिए यह मामला'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' की श्रेणी में आता है. अपर लोक अभियोजक देव शंकर झा ने बताया कि अदालत ने अभियोजन की दलीलों और उपलब्ध साक्ष्यों को सही मानते हुए दोनों को फांसी की सजा सुनाई. इस फैसले को झंझारपुर कोर्ट के इतिहास का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय माना जा रहा है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--