BIG NEWS : औरंगाबाद में पर्यटकों से भरी बस पलटी, 13 घायल, सदर अस्पताल में भर्ती
औरंगाबाद : बड़ी खबर औरंगाबाद से आ रही है जहां बारुण थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर सीरिसा के पास पर्यटकों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे में बस सवार 12 पर्यटकों समेत 13 लोग घायल हो गए. गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल औरंगाबाद में कराया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को खतरे से बाहर बताया है.
बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी पर्यटक पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी के रहने वाले हैं. सभी कोलकाता से आगरा घूमने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान सीरीसा के पास अचानक चालक को झपकी आ गई जिससे उसका बस पर से नियंत्रण हटते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. बस के पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही बारुण थाना की पुलिस और डायल-112की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा.
हादसे में रीता सूतोधर, दिलीप बुंडू, हीरा बुंडू, शेफाली भुई, झाना बाबरी, नेमाई शिष्ट, रौतन मंडल, सोनामुखी, मालवती घोष, महाबली उरांव, चांद सूतोधर, मुराली कारक और बस खलासी शेख अशरफ घायल हुए हैं. घायलों में अधिकांश यात्री उम्रदराज बताए जा रहे हैं.
दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए एनएच-19पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया.
औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट