BIG NEWS
त्योहारी सीजन में खाद्य संरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई, पटना के कोजी स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित, कई मिठाई कारखानों के लाइसेंस रद्द
पटना:आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित,स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा राज्यभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत12अक्टूबर2026तक विभिन्न जिलों में मिठाई दुकानों,खाद्य विनिर्माण इकाइयों,रेस्तरां एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन,एक्सपायरी एवं खराब खाद्य सामग्री के भंडारण तथा स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। कई प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई,जबकि खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य संरक्षा अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता,भंडारण व्यवस्था,रसोई एवं विनिर्माण स्थल की स्वच्छता,जल निकासी,कीट नियंत्रण,कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है।
पटना के विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्रवाई
मेसर्स स्वीट होम कारखाना,बुद्धा कॉलोनी,पटना
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में एक्सपायरी बेसन,मैदा एवं आटा पाया गया। लगभग18,335मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसमें70किलोग्राम एक्सपायरी बेसन,जिसकी कीमत लगभग₹6,300थी,को कारखाने में ही नष्ट कराया गया। पनीर,खोवा,मैदा एवं आटा के कुल चार नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। अनियमितताओं के मद्देनजर प्रतिष्ठान का लाइसेंस रद्द किया गया।
मेसर्स कोजी स्वीट्स कारखाना,बुद्धा कॉलोनी,पटना
निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आधार पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया है। संबंधित संचालक से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। गुड़ एवं चमचम मिठाई के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
मेसर्स स्वीट होम कन्फेक्शनरी कारखाना,बुद्धा कॉलोनी,पटना
कारखाने में एक्सपायरी कस्टर्ड पाउडर,क्यूमी फ्लेवर सल्फेट एवं बेकिंग पाउडर पाए जाने पर इन्हें जब्त कर नष्ट कराया गया। आटा,बेसन,शुगर-फ्री लिक्विड एवं काजू-कोकोनट बिस्किट सहित कुल पांच नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। कार्रवाई के तहत कारखाने का लाइसेंस रद्द किया गया।
मेसर्स शिवम स्वीट्स,रामकृष्ण नगर,ईस्ट लक्ष्मी नगर,पटना
निरीक्षण के दौरान630किलोग्राम कलाकंद, 10किलोग्राम बर्फी एवं5किलोग्राम लड्डू जब्त किए गए। इनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई। जब्त मिठाइयों को नष्ट कराया गया। कलाकंद,बर्फी,लड्डू एवं सिल्वर लीफ के कुल चार नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
निरीक्षण में पानी की जांच रिपोर्ट एवं कारीगरों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। मिठाई निर्माण में स्किम्ड मिल्क पाउडर का उपयोग किया जा रहा था। प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के लिए14दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया है।
मेसर्स नेहा ट्रेड्स,इंदिरा नगर,पटना
प्रतिष्ठान से31किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर, 34किलोग्राम सूजी, 20किलोग्राम मिल्क केक मिठाई एवं14किलोग्राम चीनी जब्त कर नष्ट कराई गई। डोडा बर्फी,स्किम्ड मिल्क पाउडर एवं मिल्क केक के कुल तीन नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
जांच के दौरान स्किम्ड मिल्क पाउडर में सड़न,दुर्गंध एवं फंगस की वृद्धि पाई गई। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। दीवार एवं फर्श क्षतिग्रस्त पाए गए तथा शौचालय की स्थिति भी गंदी थी।
हरि लाल वेंचर्स प्रा. लिमिटेड,पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया,पटना
प्रतिष्ठान से सादा चमचम मिठाई एवं गजक के कुल दो नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज सिस्टम में सुधार करने तथा साफ-सफाई एवं स्वच्छता मानकों का उचित पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के लिए14दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
पटना बिरयानी महल,बुद्ध मार्ग,कोतवाली थाना,पटना
प्रतिष्ठान से चाट मसाला एवं दालचीनी के कुल दो नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण के दौरान पानी की जांच रिपोर्ट,पेस्ट कंट्रोल से संबंधित रिकॉर्ड एवं कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए। खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के अनुपालन के लिए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बीकानेर कारखाना,पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया,पटना
निरीक्षण के दौरान वेफर्स के पैकेट पर13अक्टूबर2026की एक्सपायरी तिथि अंकित थी। संबंधित वेफर्स को दोबारा उपयोग में लाए जाने की आशंका को रोकने के उद्देश्य से नष्ट कराया गया। काजू एवं किशमिश के कुल दो नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य कारोबारियों को मानकों के पालन का निर्देश
खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया है कि वे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करें। एक्सपायरी अथवा खराब खाद्य सामग्री का उपयोग या बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं की जाए। प्रतिष्ठानों में स्वच्छता,जल निकासी,कीट नियंत्रण,सुरक्षित पेयजल तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।