BIG NEWS : नवादा में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ 3 आरोपियों को दबोचा
नवादा: वारिसलीगंज में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 कथित साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार,आरोपित अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. एक आरोपी महिलाओं को गर्भधारण कराने और दवा उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी करता था,जबकि दो अन्य बजाज फाइनेंस,रिलायंस फाइनेंस समेत विभिन्न कंपनियों के नाम पर ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे और निजी दस्तावेज हासिल करते थे.
नवादा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में26अगस्त को विशेष टीम गठित कर वारिसलीगंज में तीन स्थानों पर छापेमारी की गई. पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास एचडीएफसी बैंक के समीप से मकनपुर निवासी मोहित कुमार को पकड़ा गया. उसके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल,ठगी की रकम और एटीएम कार्ड बरामद हुआ. वहीं सब्जी मंडी के पास से शेखपुरा थाना क्षेत्र के तारे गांव निवासी पिन्दु कुमार को दो एंड्रॉयड मोबाइल और कस्टमर डेटा के साथ गिरफ्तार किया गया. वहीं फौदी साव गली स्थित एसबीआई एटीएम के पास से वारिसलीगंज निवासी रोहित कुमार को एक कीपैड मोबाइल,एक एंड्रॉयड मोबाइल,नकदी और एटीएम कार्ड के साथ पकड़ा गया.
पूछताछ में पुलिस के अनुसार,मोहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से निःसंतान महिलाओं के मोबाइल नंबर हासिल कर उन्हें गर्भधारण कराने और दवा उपलब्ध कराने का झांसा देता था. कभी खुद को डॉक्टर तो कभी किसी मेडिकल स्टाफ के रूप में पेश कर विश्वास जीतता और फिर आधार कार्ड,बैंक पासबुक,फोटो,ई-मेल आईडी समेत अन्य दस्तावेज मांगकर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम ऐंठता था.
वहीं पिन्दु और रोहित कथित तौर पर फाइनेंस कंपनियों के नाम पर लोगों को फोन करते थे. बैंक मैनेजर या कंपनी स्टाफ बनकर लोन स्वीकृत कराने का भरोसा देते और इसके बाद आधार,पैन कार्ड,बैंक पासबुक,फोटो व ई-मेल आईडी मांगकर प्रोसेसिंग फीस वसूलते थे. पुलिस अब इनसे जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में की गई ठगी की जानकारी जुटा रही है. हाल के दिनों में वारिसलीगंज पुलिस साइबर ठगी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और इससे पहले भी लोन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के कई आरोपित पकड़े जा चुके हैं.
इस कार्रवाई में कुल पांच एंड्रॉयड मोबाइल,एक कीपैड मोबाइल, 16,500रुपये नकद,दो एटीएम कार्ड और एक कस्टमर डेटा बरामद किया गया है. मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या620/26दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लोन,दवा,नौकरी या किसी अन्य सुविधा के नाम पर फोन करने वाले अनजान लोगों को निजी दस्तावेज,बैंक संबंधी जानकारी या प्रोसेसिंग फीस न दें. साइबर ठगी होने पर तत्काल1930पर शिकायत करना और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करना उपयोगी है.
नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट --