BIG NEWS
EOU की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात भगत यादव समेत चार गिरफ्तार, 15 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा
पटना : बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने संगठित आपराधिक गिरोह और उससे जुड़े आर्थिक साम्राज्य के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गया जिले के कुख्यात अपराधी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उसके सहयोगियों के खिलाफ आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 34/26 दर्ज कर 27 नवंबर को बिहार, झारखंड के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में भगत यादव, उसके पुत्र आर्यन कुमार, पत्नी सुनीता कुमारी और सहयोगी रोशन राज उर्फ रोशन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
EOU के अनुसार, भगत यादव पिछले 15-16 वर्षों से संगठित आपराधिक गिरोह संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ वर्ष 2001 से अब तक गया, बोकारो और रांची समेत विभिन्न स्थानों पर कुल 25 आपराधिक कांड दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, अपहरण, लूट, सरकारी कर्मचारियों पर हमला और जमीन पर अवैध कब्जे जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
जांच में सामने आया है कि भगत यादव और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर 67 संपत्तियां पंजीकृत कराई गई हैं। इनका निबंधन मूल्य लगभग 15 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि सरकारी सर्किल रेट के अनुसार इनकी कीमत कई गुना ज्यादा बताई गई है। एक भूखंड, जिसका सरकारी मूल्य 28 करोड़ रुपये है, उसे महज डेढ़ करोड़ रुपये में निबंधित कराने का मामला भी सामने आया है।
छापेमारी के दौरान विभिन्न ठिकानों से कुल 106 भूमि निबंधन दस्तावेज, 51 एकरारनामे, 38 बैंक खाते और 73.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा जेवरात खरीद से संबंधित रसीदें और आठ वाहनों के निबंधन से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। भगत यादव के पटना स्थित आवास से 19.50 लाख रुपये नकद और एक 51 पन्नों की गोपनीय डायरी भी जब्त की गई है।
डायरी में कई पदाधिकारियों के साथ वित्तीय लेनदेन का उल्लेख मिलने की बात कही गई है। EOU ने कहा है कि डायरी में दर्ज तथ्यों का सत्यापन कर आगे की जांच की जाएगी। यह कार्रवाई EOU, गया पुलिस, पटना पुलिस, औरंगाबाद पुलिस और झारखंड के चतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।