Hindi News / आरा में निगरानी टीम ने राजस्व कर्मचारी को 3,500 रुपये घूस लेते...

BIG NEWS : आरा में निगरानी टीम ने राजस्व कर्मचारी को 3,500 रुपये घूस लेते दबोचा

Edited By:  |
big news

आरा : बड़ी खबर बिहार के भोजपुर से है जहां निगरानी विभाग की टीम ने जिले के गड़हनी अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी को दाखिल खारिज के नाम पर 3,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार,गड़हनी प्रखंड के गड़हनी अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार पर दाखिल खारिज के एक मामले में रिश्वत मांगने का आरोप था. शिकायतकर्ता राजेंद्र राम,जो पेशे से शिक्षक हैं,उन्होंने अपनी पत्नी के नाम पर ढाई डिसमिल जमीन खरीदी थी. जमीन के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए उन्होंने अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था.आरोप है कि राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार बिना रिश्वत लिए दाखिल खारिज की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को तैयार नहीं थे.इससे परेशान होकर राजेंद्र राम ने निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई.शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया,जिसमें रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाई गई.सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग ने राजस्व कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर विशेष कार्रवाई की योजना बनाई.इसी क्रम में मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता द्वारा जैसे ही आरोपी कर्मचारी को 3,500 रुपये रिश्वत की राशि दी गई,टीम ने उसे गड़हनी अंचल कार्यालय स्थित उसके कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

मामले की पुष्टि करते हुए निगरानी विभाग के अधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए थे,जिसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया.गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार मूल रूप से आधार बिगहा,थाना खुदवां,जिला औरंगाबाद के निवासी बताए जाते हैं.वर्तमान में वे भोजपुर जिले के गड़हनी अंचल में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे.निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी पहल माना जा रहा है.विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ पटना ले गई,जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.वहीं,इस घटना के बाद अंचल कार्यालय के कर्मचारियों और आम लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है.

आरा से विवेक कुमार सिंह का रिपोर्ट-