BIG NEWS : मोतिहारी में आरोपी युवक को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, महिला दरोगा समेत 3 जवान घायल
मोतिहारी: बड़ी खबर बिहार के पूर्वी चंपारण से है जहां मोतिहारी में यौन शोषण के आरोपी युवक को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया. यह मामला मधुबन थाना क्षेत्र से जुड़ा है,जहां पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण का केस दर्ज किया गया था.
पुलिस को आरोपी की मोबाइल लोकेशन पताही थाना क्षेत्र के बेतावना गांव में मिली. इसके बाद मधुबन थाना की महिला दारोगा नेहा वर्षा के नेतृत्व में टीम छापेमारी के लिए पहुंची. जानकारी के अनुसार,आरोपी युवक अपने मामा के घर छिपकर दूसरी शादी के लिए बारात निकालने की तैयारी कर रहा था.
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी. इस दौरान महिला दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए.
स्थिति बिगड़ने पर अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
इधर,मामले में लापरवाही को लेकर मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केस की जांच अधिकारी नेहा वर्षा को निलंबित कर दिया है. आरोप है कि उन्होंने बिना पर्याप्त पुलिस बल,सुरक्षा उपकरण और स्थानीय थाना को सूचना दिए बिना रेड की थी.
एसपी ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
संजय कुमार की रिपोर्ट--