BIG NEWS : सहरसा में करंट लगने से बच्ची की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
सहरसा : बड़ी खबर बिहार के सहरसा से है जहां जिले के सदर थाना क्षेत्र के सुलिंदाबाद वार्ड संख्या-43 में विद्युत तार की चपेट में आने से ढाई वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा बुझा कर सड़क जाम हटवाया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जानकारी के अनुसार बच्ची सुमन कुमारी घर के पास खेल रही थी. इसी दौरान वह बिजली के नंगे तार की चपेट में आ गई, जिससे उसे जोरदार करंट लगा. घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. परिजनों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से बिजली के नंगे तार लटके हुए थे. इसकी शिकायत कई बार संबंधित विभाग के पदाधिकारी से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण मासूम बच्ची की जान चली गई. ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया. सदर थाना के एसआई शेएव अख्तर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. परिजनों को समझाकर जाम हटवाया गया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सहरसा से शशि मिश्रा की रिपोर्ट-