BIG NEWS : मधेपुरा में MDM खाने से 5 दर्जन बच्चों की तबीयत बिगड़ी, CHC गम्हरिया में भर्ती, सभी की स्थिति सामान्य
मधेपुरा : बड़ी खबर बिहार के मधेपुरा से है जहां गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र के बभनी पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय दाहा में शनिवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद करीब पांच दर्जन बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. बच्चों ने पेट दर्द और सिर में चक्कर आने की शिकायत की. इसके बाद अभिभावकों ने आनन-फानन में बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया में भर्ती कराया. फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

छात्र-छात्राओं श्रीवास्तव कुमार,रूपक कुमार,साक्षी कुमारी,सरस्वती कुमारी,लक्ष्मी कुमारी और अभिमन्यु कुमार समेत अन्य बच्चों ने आरोप लगाया कि खिचड़ी खाने के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. बच्चों का दावा है कि भोजन की थाली में मरी हुई छिपकली भी मिली थी.

बच्चों ने आरोप लगाया कि छिपकली मिलने की जानकारी प्रभारी प्रधानाध्यापिका और रसोइया को दी गई. लेकिन कथित तौर पर उन्हें चुप रहने के लिए कहा गया. आरोप है कि इसके बाद खिचड़ी को फेंक दिया गया और विद्यालय में तत्काल छुट्टी कर दी गई. बच्चों के अनुसार,छुट्टी के बाद विद्यालय के मुख्य गेट में ताला लगाकर शिक्षक वहां से चले गए. घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया और वे अपने बच्चों को लेकर सीएचसी पहुंचे. बड़ी संख्या में बच्चों के एक साथ अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य केंद्र में भी अफरा-तफरी का माहौल हो गया.
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका किरण कुमारी ने बताया कि शनिवार दोपहर बच्चों को खिचड़ी परोसी गई थी. बच्चों ने भोजन करने के बाद अपने-अपने घर का रुख किया. घर पहुंचने के कुछ देर बाद कई बच्चों ने पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत मिली.
इस संबंध में डीपीओ रवि शास्त्री ने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति अब सामान्य है. विद्यालय की जांच कराई जाएगी और जांच में यदि किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और भोजन तैयार करने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
मधेपुरा से राजीव रंजन की रिपोर्टर --