BIG NEWS : थावे दुर्गा मंदिर परिसर में प्रसाद खरीदने को लेकर मारपीट, कई श्रद्धालु घायल
गोपालगंज : इस वक्त की बड़ी खबर गोपालगंज से सामने आ रही है जहां प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर परिसर में प्रसाद खरीदने को लेकर श्रद्धालु और दुकानदारों के बीच जमकर मारपीट हुई है. इसमें कई श्रद्धालु घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी है. प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की बात कही है और कई दुकानदारों को हिरासत में लिया गया है.
बताया जा रहा है कि थावे दुर्गा मंदिर परिसर में शनिवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब प्रसाद खरीदने को लेकर श्रद्धालुओं और दुकानदारों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गया. दरअसल मंदिर में प्रवेश के लिए प्रशासन द्वारा बीएमपी ग्राउंड से होकर नया रास्ता बनाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही पहले की तुलना में बदल गई है. पहले श्रद्धालु विभिन्न गलियों से होकर मंदिर पहुंचते थे और रास्ते में मौजूद कई दुकानों से प्रसाद खरीदते थे. लेकिन अब प्रवेश मार्ग बदल जाने के कारण कुछ दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम हो गई है. इसी बात से नाराज कुछ दुकानदारों पर आरोप है कि वे श्रद्धालुओं पर दबाव बनाकर जबरन प्रसाद खरीदने के लिए कह रहे थे. इसी दौरान बात बढ़ गई और दुकानदारों तथा श्रद्धालुओं के बीच कहासुनी होने के बाद मारपीट हो गई. इस घटना में कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया और कुछ दुकानदारों को हिरासत में लेते हुए पूरे मामले की छानबीन में जुट गई.
वहीं मामले में डीएम पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि मंदिर में प्रवेश मार्ग में बदलाव के कारण कुछ दुकानदार नाराज थे. पहले श्रद्धालु अलग-अलग रास्तों से मंदिर पहुंचते थे और कई दुकानों से प्रसाद खरीदते थे,लेकिन अब प्रवेश मार्ग बीएमपी ग्राउंड से होकर बनाए जाने के कारण कुछ दुकानों पर भीड़ कम हो गई है. डीएम ने कहा कि आरोप है कि कुछ दुकानदार श्रद्धालुओं को जबरन पकड़कर प्रसाद खरीदने के लिए दबाव बना रहे थे,जिसके कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई और मारपीट हो गई. उन्होंने बताया कि करीब आठ दुकानदारों को चिह्नित कर लिया गया है और शाम तक उनकी गिरफ्तारी की जाएगी. साथ ही दोषी दुकानों को स्थायी रूप से बंद कराने की भी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन के कार्य में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है,ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और शांति व्यवस्था कायम रह सके.
गोपालगंजसे नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--