BIG BREAKING : भरत तिवारी के समर्थन में बाबा कुंडेश्वर नाथ महादेव मंदिर में विशाल श्रद्धांजलि सभा सह महापंचायत का हुआ आयोजन
आरा :भरत तिवारी के समर्थन में बुधवार को बाबा कुंडेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर में विशाल श्रद्धांजलि सभा सह महापंचायत का आयोजन किया गया. इस महापंचायत में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. सभा में हजारों लोगों ने भाग लेकर भरत तिवारी को न्याय दिलाने और कथित दोषी पुलिसकर्मियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई.
वक्ताओं ने कहा कि शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए एनकाउंटर में भरत तिवारी की हत्या की गई, जो न्यायसंगत नहीं है. उनका दावा था कि भरत तिवारी गरीबों और वंचितों के हक की लड़ाई लड़ रहे थे. लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी आवाज को दबाने के लिए गोली मारकर हत्या कर दी.
महापंचायत में भरत तिवारी के नाम पर क्षेत्र का नामकरण“भरत नगर” करने की मांग भी उठाई गई. मंच से वक्ताओं ने कहा कि मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो चुका है, लेकिन केवल एफआईआर दर्ज करना पर्याप्त नहीं है. दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की सजा दिलाने की मांग की गई.
ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन को पहले ही एक सप्ताह का समय दिया था. इसी अवधि के पूरा होने के बाद यह विशाल महापंचायत आयोजित की गई. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि न्याय की प्रक्रिया में देरी हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. सभा में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि भरत तिवारी को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.
संजय कुमार की रिपोर्ट--