Hindi News / सुपौल में कांवरियों से भरी बस कंटेनर से टकराई, एनएच-27 पर बड़ा हादसा...

BIG BREAKING : सुपौल में कांवरियों से भरी बस कंटेनर से टकराई, एनएच-27 पर बड़ा हादसा टला, 75 यात्री सुरक्षित

Edited By:  |
big breaking

सुपौल: बड़ी खबर सुपौल से है जहां जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के माकैर गड़िया स्थित एनएच-27 पर शनिवार सुबह कांवरियों से भरी बस कंटेनर से टकरा गई. दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया,लेकिन बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं. कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, बस बाबा नगरी देवघर से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रही थी. माकैर गड़िया के समीप एनएच-27 पर बस के आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया. पीछे चल रही बस के चालक को वाहन संभालने का पर्याप्त समय नहीं मिला और बस कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

बस के खलासी ने बताया कि वाहन में करीब 75 कांवरिया सवार थे. अचानक कंटेनर के ब्रेक लगाने के कारण चालक हादसे को टाल नहीं सका. हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं और केवल कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं. किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.

हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की. सूचना मिलने पर भपटियाही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

इस दौरान स्थानीय लोगों ने एनएच-27 की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि पिछले दो-तीन महीनों से सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है. जगह-जगह बने गड्ढों और अधूरे निर्माण कार्य के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं. लोगों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.

सुपौल से बिष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--