BIG BREAKING : नवादा में बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत, घटना से परिजनों में मातम
नवादा : बिहार के नवादा जिले में भी एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आई है,जहां मंगलवार को आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई. यह भीषण हादसा रजौली थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में हुआ है. अचानक हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिजनों के बीच कोहराम मच गया.
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार,मंगलवार को अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बारिश व कड़क के साथ ठनका (आकाशीय बिजली) गिरा. इसी दौरान काम से बाहर निकले या खुले स्थान पर मौजूद 3 लोग इसकी सीधी चपेट में आ गए. आनन-फानन में लोग मौके पर पहुंचे,लेकिन तब तक तीनों की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रजौली थाना की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ गांव पहुंचे. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर दी. इस अचानक हुई दुर्घटना से दरियापुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी है और घटना की जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मृतकों के आश्रितों को तुरंत सरकारी अनुग्रह राशि और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए.
नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट-