BIG BREAKING : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गयाजी में पितरों का किया पिंडदान, बिहार के राज्यपाल भी रहे साथ
गयाजी : पितृपक्ष के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को गयाजी पहुंची. उनके के साथ बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी मौजूद रहे. गयाजी हवाई अड्डा पर राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया गया. इसके बाद वे वहां से विष्णुपद मंदिर के लिए रवाना हुई. राष्ट्रपति ने अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष प्राप्ति के लिए पिंडदान किया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंची,जहां से वे सड़क मार्ग से सीधे विष्णुपद मंदिर पहुंची. इस दौरान उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे. साथ ही पिंडदान को लेकर विष्णुपद मंदिर में भी विशेष व्यवस्था की गई थी. ओड़िशा क्षेत्र के पुरोहित मंगल झांगर के द्वारा पिंडदान कर्मकांड की प्रक्रिया संपन्न कराई गई.
इस मौके पर स्थानीय पुरोहित मंगल झांगर ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारा अपने पितरों की मोक्ष प्राप्ति को लेकर पिंडदान कर्मकांड किया गया है. पूरे धार्मिक विधि विधान के अनुसार पिंडदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई. उन्होंने कहा कि इस दौरान राष्ट्रपति को गयाजी में होने वाले पिंडदान कर्मकांड के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई है. द्रौपदी मुर्मू के द्वारा पहली बार गया आकार पिंडदान कर्मकांड किया गया है. इससे पहले उनके पूर्वजों ने भी यहां पिंडदान किया था,इससे संबंधित दस्तावेज भी उन्हें दिखाए गए. उन्होंने कहा कि विष्णुपद मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के द्वारा कुछ दिन पूर्व यह सूचना दी गई थी कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पिंडदान करने गया आ रही हैं. इसके बाद आज पिंडदान कर्मकांड संपन्न कराया गया है. पिंडदान करने के बाद वे वापस लौट गई.
गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--