BIG BREAKING
वैभव सूर्यवंशी का विश्व रिकॉर्ड, 53 गेंदों में 204 रन ठोककर मचाया तहलका, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई
पटना : बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने यूएई के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में ऐतिहासिक पारी खेलते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उन्होंने सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन बनाकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया।
मंगलवार को इंडिया-ए और यूएई के बीच खेले गए मुकाबले में भारत को सात विकेट से शानदार जीत मिली। 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया-ए की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
वैभव ने अपनी पारी में 53 गेंदों का सामना करते हुए 204 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और सात चौके निकले। उन्होंने सबसे तेज 150 रन और सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी बल्लेबाजी के सामने यूएई के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
वैभव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वैभव को बिहार का गौरव बताया और कहा कि 28 गेंदों में शतक तथा 52 गेंदों में दोहरा शतक लगाकर उन्होंने देश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी वैभव की उपलब्धि की सराहना करते हुए लिखा कि एक बिहारी, सब पर भारी।
वैभव की इस ऐतिहासिक पारी से बिहार में जश्न का माहौल है। महज 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले वैभव सूर्यवंशी को भविष्य का बड़ा क्रिकेट सितारा माना जा रहा है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।